जी-20 बैठक के लिए मॉरीशस, ओमान सहित 6 देशों के मेहमान इंदौर पहुंचे हैं। श्रम और रोजगार को लेकर जी-20 देशों की 2 दिन की आधिकारिक स्तर की और 1 दिन की मंत्री समूह की बैठक इंदौर में 19 से शुरू होने वाली है। पहले 2 दिन ईडब्ल्यूजी कार्य समूह की बैठक होगी। 21 को जी-20 समूह के देशों के अलावा 8 अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक इंदौर में होगी।
शेड्यूल के मुताबिक इंदौर में मेहमानों का आना शुरू हो चुका है पहले दिन 6 देशों के 13 प्रतिनिधि इंदौर पहुंच चुके हैं। इनमें इंडोनेशिया, ओमान ,मॉरिशस ,दक्षिण अफ्रीका ,ऑस्ट्रेलिया और कनाडा के प्रतिनिधि इंदौर पहुंचे हैं। एयरपोर्ट पर जिला प्रशासन ने उनका भव्य स्वागत किया है। एयरपोर्ट पर एडीएम अजय देव शर्मा और आईडीए सीईओ आरपी अहिरवार ने इन प्रतिनिधियों का स्वागत किया। हवाई अड्डे की इमारत से बाहर निकलने के बाद मेहमानों को एक मंच पर ले जाया गया। जहां लोक नर्तकओ ने भगोरिया और गणगौर नृत्य प्रस्तुत किया। जिसने विदेशी प्रतिनिधियों को मंत्रमुग्ध कर दिया और उनमें से कुछ ने ड्रम बीट पर नृत्य भी किया।
