सार :

देश के साथ साथ मध्य प्रदेश में भी मई महीने की शुरुआत बारिश से हुई थी, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली थी और मौसम सुहावना बना हुआ था; अब फिरसे एक बार प्रदेश वासियों को गर्मी की मार झेलनी होगी। अभी तक मौसम में हो रहे लगातार बदलाव ने गर्मी से निजात दिलाया था लेकिन अब फिर से मौसम स्थिर होने वाला है और तापमान अपने चरम पर पहुंचेगा। आइए जानते हैं पूरी खबर विस्तार में।

विस्तार :

मध्य प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से जारी आंधी और बारिश का दौर अब खत्म हो गया है। 9 मैं को शानदार बारिश से ठंडक तो हुई लेकिन अब फिर से मौसम अपने चरम पर होगा। भारतीय मौसम विभाग यानी (IMD) के अनुसार 10 मई से प्रदेश का आसमान साफ रहेगा और धूप की तेजी बढ़ेगी जिससे लगातार तापमान बढ़ता चला जाएगा। राज्य के कई हिस्सों के लिए लू का अलर्ट जारी किया गया है, जो 12 मई से प्रभावी होगा। अभी प्रदेश की राजधानी सहित बड़े महानगरों का तापमान 38 से 39 डिग्री है; भोपाल, इंदौर और उज्जैन जैसे बड़े शहरों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। बता दें कि बीते शनिवार को रतलाम में सबसे ज्यादा तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया। अब राज्य के सभी 55 जिलों में झुलसा देने वाली गर्मी का असर महसूस होने वाला है।

सूरज आग उगलेगा जो लोगो का घरों से बाहर निकलना मुश्किल कर देगा। बता दें कि प्रदेश की राजधानी भोपाल समेत आसपास के शहर रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा समेत इंदौर धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड में अब बारिश का दौर बंद होगा और तेज गर्मी पड़ेगी।

अब थमेगा बदलते मौसम का सिलसिला :

मध्य प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है कई दिनों से जारी बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और धूल भरी आंधी का दौर अब थम गया है। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश के क्षोभमण्डल पर सक्रिय ट्रफ लाइन और चक्रवाती परिसंचरण का प्रभाव जो शनिवार से ही राज्य को प्रभावित कर रहा था वह अब समाप्त हो गया है, जिसके चलते सीधी धूप में बढ़ोतरी हुई है।

गर्मी बढ़ेगी, पारा चढ़ेगा तापमान तोड़ेगा रिकॉर्ड :

मौसम विभाग ने 12 मई से राज्य में हीटवेव के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी मध्य प्रदेश के जिलों में गर्मी की तीव्रता विशेष रूप से अधिक रहने की उम्मीद है। बता दें कि रिकॉर्ड तापमान में शनिवार से ही तेज़ी देखने को मिल रही है। वैसे कई जगह बारिश भी हुई लेकिन तापमान भी बढ़ने लगा। शनिवार को रतलाम में पारा 44 डिग्री तक पहुंच गया। तापमान शाजापुर में 43.8 डिग्री, धार में 42.6 डिग्री, खरगोन में 42 डिग्री, गुना में 41.8 डिग्री, खंडवा में 41.5 डिग्री, खजुराहो में 41 डिग्री, रायसेन में 40.6 डिग्री, श्योपुर में 40.4 डिग्री, सागर में 40.3 डिग्री, बैतूल में 40.2 डिग्री और दमोह में 40 डिग्री सेल्सियस रहा। श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी, पांढुर्ना, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी के लिए भी भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *