सार :

देश में अब मौसम का मिज़ाज बदल गया है। गर्मी पर बारिश के प्रहार से देशवासियों को काफ़ी राहत मिली है। एमपी में भी यही हाल है। गर्मी से राहत मिली है और प्रदेश में प्री मानसूनी घटनाएं देखी जा रही है। कहीं तेज हवाएं तो कहीं बूंदाबादी और कहीं जोरदार बारिश की गतिविधियां शुरू हो गई हैं। जिससे तापमान में गिरावट देखी गई और हवाओं का मिज़ाज ठंडा हो गया। आईए जानते है कैसा रहेगा आपके शहर के मौसम का हाल।

विस्तार :

प्रदेश में मौसम अब पूरी तरह बदल गया है, बता दें कि एमपी में नौतपा के दौरान पिछले 8 दिनों से लगातार आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है. इस बदलाव से लू का असर पूरी तरह खत्म हो गया है और न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है। अब नौतपा ख़त्म हो गए हैं और अंचल में प्री मॉनसून की बारिश भी शुरू हो गई है। कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि के कारण तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है। अगर हम प्रदेश की राजधानी भोपाल के मौसम की बात करें तो आज 03 जून को तापमान 35 डिग्री दर्ज किया गया है, राजधानी में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम के अचानक बदले मिजाज से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। प्री मानसून और बेमौसम की बारिश ने किसानों की नींद उड़ा दी है। मध्य प्रदेश सहित देश के कई हिस्सों में अचानक हुई तेज़ बारिश, आंधी और ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी तैयार फसलों और मंडियों में खुले में रखे अनाज को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे किसानों के सामने बड़ा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में जहां बारिश लोगों के लिए राहत लाई है तो किसानों के लिए चिंता भी लाई है।

एमपी में गर्मी से राहत, प्री मॉनसून की गतिविधियां शुरू :

देश भर में लोग भीषण गर्मी से निजात पाने को बेकरार बैठे थे, ऐसे में मॉनसून के आने की ख़बर से तो काफ़ी राहत है उससे पहले प्री मॉनसून की गतिविधियां शुरू होने से मौसम बदल चुका है। जहां गर्मी के कारण लोग घरों से नहीं निकल पा रहे थे। वहीं अब प्री मानसून की बारिश से मौसम में मिठास घुल गई है। तापमान में गिरावट आने से हवाएं ठंडी हो गई हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश में प्री मॉनसून बारिश का अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी :

बता दें कि मौसम विज्ञान विभाग ने धार और बड़वानी जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा प्रदेश के 45 जिलों में मौसम खराब रहने का अनुमान है। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, बादल छाने और तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश और ओले गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। इसके कारण दिन और रात के तापमान में काफी कमी आई है। जहां पहले लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ रहा था, वहीं अब मौसम सुहावना हो गया है।

कब होगा मॉनसून का आगमन

मध्य प्रदेश में प्री-मानसून की गतिविधियाँ शुरू हो गई हैं और जून के पहले सप्ताह में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी हुई है। अगर हम प्रदेश में मॉनसून के आने की बात करें तो दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्यतः 15 से 20 जून के बीच प्रदेश के पूर्वी हिस्सों जैसे बालाघाट, मंडला, अनूपपुर आदि के द्वारा प्रदेश में प्रवेश करता है। इस बार भी राज्य में असली मानसून की दस्तक 15 से 20 जून के आसपास होने की संभावना है। मानसून के प्रवेश करने के बाद अगले 3 से 5 दिनों में यह पूरे मध्य प्रदेश को कवर कर लेता है। जिसके बाद सितंबर तक पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश का दौर चलता है। जानकारी के लिए बता दें कि मानसून की बारिश मुख्य रूप से मध्य जून से लेकर सितंबर के अंत तक होती है। यह लगभग 3.5 से 4 महीने का समय होता है, जो कृषि क्षेत्र में खरीफ की फसलों के लिए सबसे महत्वपूर्ण होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *