सार :
देश में मॉनसून ने एंट्री ले ली है। बीते दिन गुरूवार को केरल में मॉनसून की आधिकारिक तौर पर आने की घोषणा हो गई है। बता दें कि वैसे पूरे देश में प्री मॉनसून बारिश की गतिविधियां जारी है। और गर्मी से राहत मिली है। तापमान में भारी गिरावट आई है। आइए जानते है आपके प्रदेश में कब होगी मानसूनी बारिश की शुरुआत।
विस्तार :

देश में प्री मॉनसून गतिविधियां तेज जारी हैं। आज का मौसम अलग-अलग राज्यों में विविधता लिए हुए है। दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल पहुंच चुका है और देश के कई हिस्सों में बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिण भारत से लेकर पूर्वी राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज़ हैं। वही राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में अभी भी बारिश का इंतजार हो रहा है। उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश और आंधी से गर्मी में गिरावट दर्ज की गई है, वहीं मध्य और दक्षिण भारत में भारी बारिश के साथ तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने दक्षिण-पश्चिम मानसून की आहट के साथ उत्तर-पूर्वी भारत और दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में भारी बारिश की संभावना है।
इन राज्यों में हुआ बारिश का अलर्ट जारी :


देश में मानसून की रफ्तार बढ़ने के साथ मौसम विभाग ने नया अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक कल यानी 5 जून को यूपी, बिहार, दिल्ली समेत 19 राज्यों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। इस बारिश के साथ 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने का अलर्ट है। पहाड़ी राज्यों के कुछ जिलों में बड़े-बड़े ओले गिरने की चेतावनी है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उसके आस-पास के निचले और मध्य क्षोभमंडलीय स्तरों पर स्थित है।मध्य भारत और राजस्थान के कुछ इलाकों में तापमान अभी भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है। दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक, और बेंगलुरु जैसे शहरों में अच्छी बारिश का दौर जारी है। वहीं आर्थिक राजधानी मुंबई और पुणे में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रहेगा। अगर हम दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, और झारखंड की बात करें तो यहां कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और आंधी की संभावना है।
