सार :
प्रदेश में प्री मॉनसून बारिश का दौर शुरू हो गया है। प्रदेश में भीषण गर्मी से तो राहत मिल गई है लेकिन उमस ने जीना मुश्किल कर दिया है। एक बार फिर से तापमान बढ़ता नज़र आ रहा है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में तो तापमान बढ़ने के साथ साथ गर्म लपटें चलने की खबर तक सामने आई है। एक बार फिर गरमी लौटती नज़र आ रही है। आईए जानते हैं आपके शहर का मौसम कैसा रहेगा।
विस्तार :

भीषण गर्मी और लू का प्रकोप झेल रहे एमपी में जब प्री मॉनसून बारिश हुई तो प्रदेश भर में मौसम सुहावना हो गया और लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली। बीते कुछ दिनों से प्रदेश में हल्की हल्की बारिश देखी गई जिससे लू का प्रभाव ख़त्म हो गया था। लेकिन जैसे ही बारिश थमी गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। एक बार फिर से गर्मी के तीखे तेवर देखे जा रहे हैं। तापमान बढ़ने लगा है। कुछ क्षेत्रों में लू की चेतावनी जारी की गई है, ऐसा अनुमान है कि तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। राज्य के पूर्वी जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश से लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है। अगर हम प्रदेश की राजधानी भोपाल के मौसम की बात करें तो आज 09 जून को तापमान 30 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
गर्मी और लू से मिली राहत अब उमस से हाल बेहाल :
प्रदेश में जैसे ही प्री मॉनसून बारिश हुई मौसम सुहावना हुआ और जब वापस धूप निकली तब उमस ने लोगों का जीवन अस्त व्यस्त कर दिया। एक बार फिर गरमी का वार झेलना पड़ रहा है। बता दें कि प्रदेश में अलग अलग मौसम देखने को मिल रहें हैं, कहीं बारिश के साथ हवाओं में ठंडक घुली हुई है तो कहीं गर्मी और उमस से बुरे हाल हैं। आज यानी 9 जून को राज्य के कई हिस्सों में तापमान 40 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं मौसम विभाग द्वारा ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में लू की चेतावनी जारी की गई है। लू चलने से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
बता दें कि मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी और पश्चिमी भागों में भीषण गर्मी बनी रहेगी जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश में गरज-चमक, तेज हवाओं और मध्यम बारिश से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। लोगों को दोपहर में धूप से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी जा रही है। IMD और स्थानीय मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 9 और 10 जून को उत्तरी हिस्सों में हीटवेव का असर दिखेगा। वहीं पूर्वी संभागों में प्री-मानसून एक्टिविटी जारी रहेगी।
प्रदेश में 2 विपरीत मौसम :
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने दावा किया है कि भोपाल, उज्जैन, इंदौर, नर्मदापुरम और जबलपुर संभाग सहित करीब 35 जिलों में प्री-मानसून की गतिविधियां सक्रिय रहने की संभावना है। इन इलाकों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया गया है। वहीं एमपी के महाराष्ट्र से सटे इलाकों में आंधी और बारिश की संभावना बनी हुई है। खरगोन, हरदा, बड़वानी, खंडवा, बुरहानपुर और बैतूल में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। अब अगर हम गर्मी और लू अलर्ट की बात करें तो ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में हीटवेव का असर दिखाई देगा और कई जगहों पर अधिकतम तापमान 44 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। तो वहीं ग्वालियर, निवाड़ी, भिंड, दतिया और छतरपुर जैसे उत्तरी और बुंदेलखंड के जिलों में दिन का तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
