सार :

भारत में मॉनसून ने केरल के सहारे सही समय पर दस्तक दी थी। दक्षिण भारत के अधिकांश राज्यों में मानसून पहुंच गया है। केरल और तमिलनाडु सहित अन्य राज्यों में जोरदार बारिश भी देखने को मिल रही है। दूसरी तरफ पूर्वोत्तर भारत के भी राज्यों तक मानसून ने दस्तक दे दी है। बताया जा रहा है कि कुछ राज्यों में समय से एक दो दिन देरी से मॉनसून का आगमन होगा। परिस्थितियां अनुकूल है तो आईए जानते हैं मौसम अपडेट विस्तार में।

विस्तार :

देश में अब भीषण गर्मी और लू का प्रकोप खत्म हो गया है। आईएमडी ने देश के लगभग हर राज्य में बारिश का अलर्ट जारी किया है। उमस के बीच कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी है. भारत मौसम विभाग (IMD) ने आज यानी 13 जून के लिए भी देश के बड़े हिस्से में बारिश, आंधी और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है। यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और मॉनसून की सक्रियता के कारण हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून अब तक केरल, गोवा, तमिलनाडु, कर्नाटक के बड़े हिस्से, महाराष्ट्र के कुछ हिस्से, आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्से, तेलंगाना के कुछ हिस्से और पूर्वोत्तर के सभी राज्य असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, सिक्किम, मिजोरम और त्रिपुरा में पहुंच चुका है।

इन राज्यों में जोरदार बारिश देखी जा रही है वहीं कुछ राज्य अभी भी मॉनसून का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि मुंबई के लोगों को अभी भी मानसून का इंतजार है। वैसे में मुंबई में 11 जून तक मानसून पहुंच जाता है, लेकिन इस बार मानसून के मुंबई पहुंचने में देरी हो रही है। हालांकि इसके लिए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और अल-नीनो को वजह माना जा रहा है। आर्थिक राजधानी मुंबई में मानसून के आधिकारिक तौर पर 15 जून के आसपास पहुंचने की उम्मीद है। इसके बाद 18-19 जून तक भारी और लगातार बारिश शुरू हो सकती है। वहीं मध्य भारत समेत गुजरात राजस्थान और उत्तर भारत में भी मॉनसून जल्द ही दस्तक देगा। मध्य प्रदेश में 15 से 20 जून के आसपास मॉनसून आने की प्रबल संभावना है हालांकि यहां का मौसम पूरी तरह बदल चुका है गर्मी से राहत मिली है और प्री मॉनसून बारिश जारी है। बता दें कि भारतीय मौसम विभाग ने दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के 11 जून 2026 को बिहार के कुछ हिस्सों में आने की पुष्टि की है। वहीं यूपी में मॉनसून 18 से 22 जून तक दस्तक देगा।

इन राज्यों में आईएमडी ने भारी बारिश का अलर्ट किया जारी :

भारतीय मौसम विभाग ने देश के लगभग हर राज्य में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बता दें कि दक्षिण भारत में मॉनसून भारी बारिश का कारण बना हुआ है तो वहीं मध्य भारत में प्री मॉनसून बारिश करवा रहा है। तो उत्तर भारत समेत पहाड़ी राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से इन राज्यों में तेज़ आंधी तूफान और तेज बारिश देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के अनुसार, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मध्यम से भारी बारिश जारी रह सकती है।

वहीं केरल, तटीय कर्नाटक, तेलंगाना के कुछ हिस्सों, उप-हिमालय पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। पूर्वी और मध्य मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ तथा राजस्थान में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। आंध्र प्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र, कोंकण एवं गोवा, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश में भी मौसम विभाग द्वारा बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बिहार, झारखंड, ओडिशा में भी हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *