आज अयोध्या के साथ पूरे विश्व भर में दीवाली मनाई जाएगी। अयोध्या में भगवान राम लला की प्राण-प्रतिष्ठा 84 सेकंड के शुभ मुहूर्त में होगी। ये मुहूर्त दोपहर 12 बजकर 29 मिनट 8 सेकंड से 12 बजकर 30 मिनट 32 सेकंड तक रहेगा। सभी पूजा-विधि समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, संघ प्रमुख मोहन भागवत संदेश देंगे। वहीं, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास आशीर्वाद देंगे।
आज अभिजीत मुहूर्त में होने जा रहा श्री रामलला का प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम:-

आज यानी सोमवार को अभिजीत मुहूर्त दोपहर 12 बजकर 29 मिनट 8 सेकंड से 12 बजकर 30 मिनट 32 सेकंड के बीच अयोध्या में नए मंदिर में भगवान राम की प्राण-प्रतिष्ठा होगी। इसी अभिजीत के 84 सेकंड में धार्मिक क्रियाएं संपन्न की जाएंगी। आज सुबह सबसे पहले दैनिक मंडप में उन देवताओं का पूजन होगा, जिनका आह्वान किया गया है भगवान रामलला को जगाया जाएगा इस दौरान विशेष मंत्रों का उच्चारण किया जाएगा फिर भगवान राम को स्नान कराया जाएगा। उसके बाद विधिवत श्रृंगार होगा।
सुबह 11 से 12 बजे के बीच चारों वेदों के मंत्र गूंजेंगे। पूजा-विधि के जजमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होंगे। उनके हाथों 84 सेकंड के अभिजीत मुहूर्त में श्रीरामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा होगी। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत, राज्यपाल आनंदीबेन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास महाराज भी उपस्थित रहेंगे।
त्रेता युग में मनाई गई थी दीवाली:-
अयोध्या के भव्य राम मंदिर में आज दोपहर मृगशिरा नक्षत्र और अभिजीत मुहूर्त में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा है। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर पूरे देश में दिवाली आज मनाई जाएगी। त्रेतायुग में लंका पर विजय प्राप्त कर भगवान राम माता सीता, अनुज लक्ष्मण, वीर हनुमान आदि के साथ जब पावन अयोध्या नगरी पधारे थे, तब हर घर में खुशी के दीप जले थे। आज अयोध्या धाम में एक बार फिर से उत्सव मनाया जा रहा है और पूरा देश राम की धुन गा रहा है. हर घर राममय हो गया है. दोपहर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद श्री राम ज्योति जलाई जाएगी।
शाम को जलाए जायेंगे लाखों दीप और देश भर में मनेगी दीपावली :-
22जनवरी के प्राण प्रतिष्ठा समारोह की बात करें तो इसमें दीप प्रज्ज्वलन भी महत्पूर्ण अंग है। प्राण-प्रतिष्ठा समारोह पूर्ण होने के उपरांत ‘राम ज्योति’ प्रज्ज्वलित कर दीपावली मनाई जाएगी। शाम को अयोध्या 10 लाख दीपों से जगमगाएगी। इसके साथ ही मकानों, दुकानों, प्रतिष्ठानों और पौराणिक स्थलों पर ‘राम ज्योति’ प्रज्ज्वलित की जाएगी। अयोध्या सरयू नदी के तटों की मिट्टी से बने दियो से रोशन होगी। रामलला, कनक भवन, हनुमानगढ़ी, गुप्तारघाट, सरयू तट, लता मंगेशकर चौक, मणिराम दास छावनी समेत कई मंदिरों, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
ताम्रपत्र की होगी विशेष तरीके से पूजा :-
ताम्रपत्र की होगी विशेष पूजा इससे पहले राम लला की प्राचीन मूर्ति के साथ विधिवत पूजित हुई। जिस ताम्रपत्र की पूजा होगी उसमें लिखा है- ‘लोका: समस्ता सुखिनो भवन्तु’. मतलब कि लोक में सभी सुखी हों। इसके अलावा इसमें लिखा है- “जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी”, अर्थात, मां और मातृभूमि स्वर्ग से भी बढ़कर हैं। ये श्लोक वाल्मीकि रामायण के दक्षिण भारतीय संस्करण से उद्धृत हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 12 बजकर 5 मिनट से लेकर 12 बजकर 55 मिनट प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल रहेंगे। और बस यह कार्यक्रम शुरू होने ही वाला है।
