सगे भाई बहन बने MPPSC OFFICER:-बुंदेलखंड के एक छोटे से कस्बे में छोटी सी कपड़े की दुकान चलाने वाले दुकानदार के बेटे और बेटी ने कमाल कर दिया. अपने परिवार के लिए खुशियों का डबल धमाका किया.
मुख्यालय से करीब 75 किलोमीटर दूर स्थित शाहगढ़ में संजय जैन के बेटे और बेटी ने एमपीपीएससी 2020 की परीक्षा पास कर सफलता के झंडे गाड़ दिए और एक छोटे से कस्बे का नाम पूरे प्रदेश में रोशन कर दिया है. इन सगे भाई बहन में सिद्धार्थ जैन जिला शिक्षा अधिकारी के पद पर चयनित हुए हैं तो बहन समीक्षा जैन डिप्टी कलेक्टर के पद के लिए चयनित की गई हैं.
रविवार को जब दोनों भाई बहन इंदौर से अपने घर पहुंचे तो पूरा गांव उनका स्वागत करने के लिए स्टैंड पर एकत्रित हो गया था. ढोल नगाड़े गाजे-बाजे फूल मालाओं के साथ उनका स्वागत किया गया. किसी ने मालाएं पहनाई तो किसी ने मिठाई खिलाई. किसी ने गले मिलकर उन्हें बधाई दी. पैदल चलकर गांव में जुलूस निकाला गया और उन्हें घर तक ले जाया गयागया
घर पहुंचते ही सिद्धार्थ और समीक्षा ने माता पिता से आशीर्वाद लिया. घर में दाखिल होने से पहले मां ने आरती उतार कर बच्चों का स्वागत किया. वहीं गांव वालों की खुशी को दोगुना करने के लिए एमपीपीएससी में चयनित हुए समीक्षा और सिद्धार्थ इनके साथ नाचते झूमते भी दिखाई दिए. अपनी सफलता का श्रेय दोनों ने माता-पिता और गुरुजनों को दिया है.
युवाओं को सफल भाई-बहन की सीख
समीक्षा कहती हैं कि अगर आप मन लगाकर मेहनत से पढ़ाई करते हैं तो आपको सफलता जरूर मिलेगी. Self-study को ज्यादा महत्व दें. वही सिद्धार्थ ने बताया कि उन्होंने सेल्फ स्टडी की है. साथ ही अगर आप किसी एग्जाम की तैयारी करना चाहते हैं तो कक्षा 11वीं 12वीं से ही पेपर पढ़ना शुरू करें. अपने आसपास की चीजों को ऑब्जर्व करें. self-study पर भरोसा रखें तो सब कुछ सही होगा.
पिता संजय जैन कहते हैं कि गांव वालों का प्यार और भावनाएं हमेशा बच्चों के साथ थीं. वहीं बच्चों ने भी अनुशासन और गंभीरता के साथ पढ़ाई की, जिसकी वजह से दोनों ने पहले ही प्रयास में यह सफलता हासिल की है.
