सार :
बारिश का मौसम खत्म होते ही ठंड में अपने पैर पसारना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने 5 राज्यों के लिए भीषण शीत लहर का अलर्ट जारी किया है। वहीं भारत के दक्षिणी राज्यों का भी हाल कुछ इसी तरह का है। मौसम विभाग द्वारा कुछ राज्यों में बारिश की चेतावनी दी गई है। तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी और ओडिशा में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस बारिश के चलते तापमान में गिरावट आ सकती है। तो आईए जानते हैं मौसम का मिजाज़ विस्तार से।
विस्तार :
देश में बारिश के खत्म होते ही अब ठंड ने लोगों की मुसीबतें बढ़ा दी है। दिल्ली में आज यानी 12 नवंबर से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। सुबह के समय न्यूनतम तापमान गिर सकता है और 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। यूपी में 12 नवंबर से सुबह और शाम के समय 17 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी, जिससे तापमान में और गिरावट देखी जा सकती है। पहाड़ी राज्यों में भी कड़ाके की ठंड ने अपने दस्तक दे दी है। उत्तराखंड में 12 नवंबर को कुछ इलाकों में बर्फीली हवा चल सकती है। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ सकता है। नैनीताल, रुद्र प्रयाग में ठंड में बढ़ोतरी देखी जा सकती है। लखनऊ में 12 नवंबर को अधिकतम तापमान जहां 28 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है तो वहीं न्यूनतम तापमान गिरकर 13 डिग्री सेल्सियस पर आ सकता है। ग्रामीण इलाकों में सुबह के समय ठंड का ज्यादा एहसास होगा। हालांकि, प्रदूषण का स्तर अभी बढ़ा रहेगा, जिससे लोगों को मास्क पहनने की जरूरत पड़ सकती है। वहीं दूसरी तरफ दिल्ली के कई इलाकों में एक्यूआई 400 के पार दर्ज किया गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, रविवार को राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच गई, जहां सुबह 7 बजे AQI 392 दर्ज किया गया। इसके अलावा नोएडा का AQI 391 जबकि गाजियाबाद का AQI 387 दर्ज किया गया है।
राजधानी से लेकर दक्षिण भारत के मौसम का हाल :
राजधानी दिल्ली सहित एनसीआर के इलाकों में एक तरफ जहां ठंड बढ़ रही है तो दूसरी तरफ लगातार प्रदूषण भी बढ़ता जा रहा है। दिल्ली-एनसीआर में अब रात और सुबह के समय में लोगों को ठंड का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली-एनसीआर में आने वाले दिनों में तापमान में और अधिक गिरावट दर्ज की जाएगी। इससे पहले शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता सुबह ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रही, क्योंकि सुबह 8 बजे तक दिल्ली का AQI 355 रहा। शुक्रवार को राजधानी में AQI ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आ गई और दिल्ली का AQI 312 रहा। जम्मू-कश्मीर में मौसम ने करवट बदल ली है, जिसके कारण पहाड़ी इलाकों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। वहीं, मैदानी इलाकों में भारी बारिश और बर्फीली हवाओं के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। कश्मीर के कई प्रसिद्ध पर्यटन और ऊंचे इलाकों में ताज़ी बर्फबारी हुई है, जिससे इन क्षेत्रों का नजारा बेहद खूबसूरत हो गया है लेकिन ठंड भी बढ़ गई है। सबसे ज्यादा बर्फबारी पवित्र अमरनाथ गुफा और कई अन्य ऊपरी इलाकों में हुई है। इस अचानक हुई बर्फबारी ने पूरे कश्मीर में ठंड बढ़ा दी है। पहाड़ों पर बर्फबारी का सीधा असर मैदानी इलाकों में साफ देखा जा रहा है। यहां लगातार हो रही भारी बारिश और तेज बर्फीली हवाओं ने सामान्य जनजीवन को प्रभावित किया है। तापमान में आई भारी गिरावट के कारण लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं और ठंड से बचने के उपाय शुरू कर दिए हैं।

मौसम विभाग ने 5 राज्यों के लिए भीषण शीत लहर का अलर्ट जारी किया है। वहीं भारत के दक्षिणी राज्यों का भी हाल कुछ इसी तरह का है। मौसम विभाग द्वारा कुछ राज्यों में बारिश की चेतावनी दी गई है। तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी और ओडिशा में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस बारिश के चलते तापमान में गिरावट आ सकती है। मैदानी इलाकों में मौसम में धीरे-धीरे सुधार होने की उम्मीद है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए ही यात्रा करें, क्योंकि पहाड़ी क्षेत्रों में फिसलन के कारण यातायात बाधित हो सकता है।
