सार :

आईपीएल 2026 टूर्नामेंट अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। प्लेऑफ में क्वालीफायर मैच चल रहे हैं। बता दें कि राजस्थान रॉयल्स ने प्लेऑफ के अपने पहले मुकाबले में SRH को हराकर IPL 2026 के क्वाल‍िफायर-2 में जगह बना ली। 97 रन की विस्फोटक पारी खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी ने इस मैच में भी फैंस का दिल जीत लिया। RR अब इसी मैदान पर गुजरात टाइटन्स से भिड़ेगी। आईए जानते हैं पूरी खबर विस्तार में।

विस्तार :

आईपीएल 2026 का सीजन अब अपने समापन की ओर बढ़ रहा है। मौजूदा सीजन में अब दो ही मैच शेष रह गए हैं। आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 47 रनों से हराया। आरआर की जीत के नायक वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने 29 गेंदों में 97 रनों की आतिशी पारी खेली। राजस्थान रॉयल्स (RR) ने सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर दमदार अंदाज में क्वाल‍िफायर-2 (Qualifier-2) में एंट्री कर ली। राजस्थान की जीत सिर्फ बड़ी नहीं थी, बल्कि उसने गुजरात टाइटन्स के लिए भी खतरे की घंटी बजा दी है, क्योंकि अगला मुकाबला भी इसी मुल्लांपुर के मैदान पर खेला जाएगा। बता दें कि अब शुक्रवार को राजस्थान रॉयल्स गुजरात टाइटन्स से भिड़ेगी। इस मैच का विजेता फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना करेगा।

बता दें कि इस टूर्नामेंट में राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी चमकते सितारे बनकर उभरे हैं। वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में 65 छक्के पूरे कर लिए हैं। किसी भी टी20 टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के उनके हो गए हैं। उन्होंने 2012 में क्रिस गेल के 59 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वैभव ने इस सीजन 15 पारियों में 680 रन बनाए हैं। एलिमिनेटर में वैभव ने सिर्फ 29 गेंदों में 12 छक्के जड़ दिए.यह किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा IPL पारी में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा छक्के हैं।

राजस्थान रॉयल्स ने बनाई क्वालीफायर-2 में अपनी जगह, किया शानदार प्रदर्शन :

बुधवार को खेले गए एलिमिनेटर मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 243 रन बनाए। आरआर की ओर से वैभव और धुव जुरेल ने अर्धशतकीय पारी खेली। हालांकि, 244 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए एसआरएच की पूरी टीम 19.2 ओवर में 196 रन बनाकर सिमट गई। अब फाइनल में पहुंचने के लिए राजस्थान का सामना क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटंस से होगा। इस मैच में जो टीम जीतेगी वो 31 मई को फाइनल में आरसीबी का सामना करेगी।

क्वालीफायर-2 में गुजरात से भिड़ेगी राजस्थान :

गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच शुक्रवार को आईपीएल 2026 का दूसरा क्वालीफायर खेला जाएगा। दोनों टीमें इससे पहले भी आईपीएल में दूसरे क्वालीफायर तक पहुंच चुकी हैं। राजस्थान रॉयल्स के लिए सबसे बड़ी राहत यह है कि टीम इस समय शानदार लय में दिख रही है। बल्लेबाजी में वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल और यशस्वी जायसवाल फॉर्म में हैं, जबकि गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर की रफ्तार विरोधी टीमों के लिए लगातार परेशानी बन रही है। अब सबकी नजर शुक्रवार को होने वाले क्वाल‍िफायर-2 पर है, जहां राजस्थान रॉयल्स का सामना गुजरात टाइटन्स से 29 मई को होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *